अरनियां बिजलीघर पर महिलाओं ने किया हंगामा


फुंका ट्रांसफॉर्मर बदलवाने और लोड बढ़ाने की मांग को लेकर भड़का गुस्सा
अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का लगाया आरोप, पुलिस मौके पर
दर्पण टाइम्स ब्यूरो
खुर्जा। अरनियां में 15दिन बाद भी फुंका ट्रांसफॉर्मर नहीं बदले जाने से नाराज गांव ऊंचागांव की महिलाओं का गुस्सा भड़क गया। गुरुवार को महिलाओं ने अरनियां बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया ,साथ ही अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। शीघ्र सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव ऊंचागांव में पिछले 15 दिन से ट्रांसफॉर्मर फुंका पड़ा है, जिसकी शिकायत कई बार ग्रामीणों ने अधिकारियों से की ,लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे लोग भड़क गए। गुरुवार को महिलाएं एकत्रित होकर अरनियां बिजलीघर पर पहुंची। जहां पर महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया ,साथ ही विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाया। महिलाओं ने कहा कि 15 दिन बाद भी ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया है, जिस कारण गर्मी में काफी परेशानी हो रही है।लोड अधिक होने के कारण ट्रांसफॉर्मर जल्दी-जल्दी फुंक जाता है ,इसलिए ट्रांसफॉर्मर का लोड बढ़ाना जरूरी है।अगर शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। हंगामा करने वालों में मिथलेश, धर्मवती, प्रेमा, आरती, उर्मिला, कमलेश, पवन शर्मा, लीलाधर, सतीश, धर्मेंद्र आदि रही।