पर्यटकों और युवाओं के लिए ज्ञानवर्धक साबित होगी इसरों की प्रदर्शनी- छाबड़ा


 


 


 



कुरुक्षेत्र (संजीव बंसल) कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 में इसरो की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगी। यह प्रदर्शनी 3 से 8 दिसम्बर तक पुरुषोतमपुरा बाग में लगाई जाएगी और इस प्रदर्शनी से पर्यटकों और युवाओं के ज्ञान में इजाफा होगा।
वे वीरवार को देर सायं इसरो प्रदर्शनी को लेकर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले केडीबी के मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम आफिस (सीबीपीओ) बैंगलूर के एडी एन सुधीर कुमार, एससीएल मोहाली के अधिकारी मुनीष, निट के प्रोफेसर सत्यहंस, केडीबी सदस्य उपेन्द्र सिंघल व सौरव चौधरी ने पुरुषोतमपुरा बाग में प्रदर्शनी स्थल का दौरा किया और भव्य प्रदर्शनी लगाने की योजना को अंतिम स्वरुप दिया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार इसरो द्वारा स्पेस स्टल और अन्य वैज्ञानिक पहलुओं को लेकर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में स्पेस स्टल को लेकर आडियो-वीडियो प्रदर्शनी लगाई जाएगी, इस प्रदर्शनी के लिए बकायदा पैनल लगाए जाएंगे। केडीबी की तरफ से इस प्रदर्शनी के लिए हर सम्भव सहायता मुहैया करवाई जाएगी।
सीबीपीओ के एडी एन सुधीर कुमार ने कहा कि पूरे भारत वर्ष में इसरो की प्रदर्शनी की लगाई जा रही है। इस प्रदर्शनी में पैनल बोर्ड स्थापित किए जाएंगे और आडियो और विजुअल सिस्टम के जरिए स्पेस स्टल के बारे में बारीकि से जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति को जानकारी देने के लिए इसरो के वैज्ञानिक भी प्रदर्शनी में मौजूद रहेेंगे। इसके अलावा एक बस भी प्रदर्शनी में पहुंचेंगी, जिसमें स्पेस स्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। यह प्रदर्शनी 1 दिसम्बर को पुरुषोतमपुरा बाग में स्थापित कर दी जाएगी। प्रोफेसर सतहंस ने कहा कि निट में स्पेस तकनीकी को लेकर एक शोध केन्द्र भी स्थापित किया गया है और इसरो के साथ एक अनुबंध भी हुआ है। यह प्रदर्शनी आकर्षण का केन्द्र बनी रहेगी।