शहर की सार्वजनिक गलियों पर प्रभावशाली लोगों का कब्जा, प्रशासन मौन


घरौंडा(दर्पण टाइम्स)।शहर की सार्वजनिक गलियों पर प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जे जारी है। कालोनीवासी अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे है लेकिन नगरपालिका प्रशासन मौन है। कालोनिवासियों ने नपा प्रशासन पर कब्जाधारियों के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए है। कालोनीवासियों का कहना है कि अवैध कब्जों के लिए खिलाफ शिकायत करने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। वे बार-बार कार्यालयों के धक्के खा रहे है लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
शहर की नसीब विहार कालोनी में कुछ प्रभावशाली लोगों ने 20 फीट लंबी दीवार खींच कर सार्वजनिक गली पर कब्जा किया हुआ है। इस अवैध कब्जे के खिलाफ कालोनी के कुछ लोगों ने विरोध जताया और लिखित शिकायत नगरपालिका प्रशासन को दी। नपा प्रशासन ने कब्जाधारी को मात्र कारण बताओ नोटिस देकर अपनी ड्यूटी पूरी कर ली है। करीब एक माह बीतने के बावजूद भी नपा प्रशासन ने इन कब्जाधारियों के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई की है और न ही रास्ते से कब्जा हटवाया है। जिससे नपा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े हो गए है। नगरपालिका प्रशासन के प्रति कालोनीवासियों में रोष है। कालोनिवासियों का आरोप है कि नगरपालिका सार्वजनिक जमीन पर कब्जों के मामलों को लेकर कतई गंभीर नहीं है। प्रभावशाली लोग कब्जा कर रहे है और नपा प्रशासन मौन है।
नसीब बिहार में सरकारी रास्ते पर कब्जा करने की जानकारी मिली है। कब्जाधारी  को नोटिस जारी किया गया था। लेकिन कोई जवाब नहीं आया है। अब शीघ्र ही ड्यूटी मजिस्टेट नियुक्त करवा दीवार को गिराया जाएगा-रविप्रकाश शर्मा, नपा सचिव घरौंडा